लगातार बारिश के बीच हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट ठीक करने में आ रही परेशानी
बरेली। शहर के कई इलाकों में शुक्रवार को तीसरे दिन भी बिजली संकट बना रहा। सबसे ज्यादा समस्या किला उपकेंद्र के इलाकों में रही। यहां बृहस्पतिवार को नर्सरी रोड पर पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुई लाइन को शुक्रवार को भी ठीक नहीं किया जा सका। मढ़ीनाथ और सुभाषनगर उपकेंद्रों में भी लोगों को कटौती का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट ठीक करने में परेशानी आ रही है। इधर तापमान गिरने के बाद बिजली की मांग घटी है।
बुधवार दोपहर बाद चार बजे से शुरू हुई बारिश के बाद से ही जिलेभर की बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई हुई है। बृहस्पतिवार को पूरा दिन और रात में भी बारिश होती रही। शुक्रवार को भी यही हाल रहा। लगातार बारिश के बीच पिछले दो दिन कई स्थानों पर पेड़ और टहनियां गिरने से क्षतिग्रस्त हुईं लाइनों को ठीक कर आपूर्ति सुचारू करने में समस्या हो रही है। किला क्षेत्र में नर्सरी रोड पर गिरे पेड़ को नगर निगम की टीम ने शुक्रवार तड़के हटाया। इस कारण हार्टमैन, अशरफ खां छावनी, शास्त्री नगर, किला, खान मार्केट इलाकों में पूरी रात आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार शाम तक यहां लाइन को ठीक नहीं किया जा सका। गढ़ी चौकी, मलूकपुर, सिटी स्टेशन, फूटा दरवाजा इलाकों में भी लोगों को कटौती का सामना करना पड़ा।
तेज हवा और बारिश के बीच बृहस्पतिवार रात हरुनगला और महानगर उपकेंद्र की 33 केवी लाइनों को बलीपुर ट्रांसमिशन उपकेंद्र से बंद करना पड़ा। दोनों उपकेंद्र के इलाकों में शुक्रवार को भी ट्रिपिंग की समस्या रही। सुभाषनगर के सर्वोदय नगर, पटेल विहार, राजीव कॉलोनी, बीडीए कॉलोनी में भी दिनभर ट्रिपिंग होती रही। शाहदाना, मढ़ीनाथ, सिविल लाइंस, मिशन कंपाउंड, चौपुला इलाकों में भी शुक्रवार को भी लोकल फॉल्ट हुए।
उपकेंद्रों में पानी भरने से मुश्किल हुआ काम
- बृहस्पतिवार रात कई बार तेज बारिश के बीच उपकेंद्रों में भी जलभराव हो गया। उपकेंद्रों में जलभराव के कारण रात में कुछ समय के लिए आपूर्ति बंद करनी पड़ी। विद्युत वितरण खंड प्रथम के कार्यालय में भी पानी भर गया। कंपनी गार्डन में जिन स्थानों पर बृहस्पतिवार को हाईटेंशन के खंभे टूटे थे वहां दोपहर के समय बारिश रुकने के बाद फिर से काम किया गया। परसाखेड़ा में भी 33 केवी लाइन मरम्मत के दौरान कुछ समय के लिए किला, मढ़ीनाथ उपकेंद्र की आपूर्ति को बंद करना पड़ा। सीबीगंज के मथुरापुर, गोविंदापुर में भी शुक्रवार को फॉल्ट हुए।
-
रिसीव नहीं हो रहे हेल्पलाइन नंबर
- उपकेंद्रों के हेल्पलाइन नंबर रिसीव न होने की लगातार शिकायत आ रही हैं। ट्रोल फ्री 1912 पर की जाने वाली शिकायतों का भी इन दिनों समय से निस्तारण नहीं हो रहा। पवन विहार के नरेश गुप्ता का कहना है कि बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार शाम तक ट्रिपिंग होती रही। इसकी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की, कॉल रिसीव नहीं हुई। गंगापुर के अमर पाल का कहना है कि शाहदाना उपकेंद्र का हेल्पलाइन नंबर पूरा दिन ऑफ रहा। किला के प्रशांत रस्तोगी ने बताया कि छोटी बमनपुरी में पूरी रात समस्या रही। संवाद