बरेली के फरीदपुर में उधार के दो सौ रुपये मांगने पर एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोहल्ला परा के एक घर में घुसकर दो भाइयों को पीट दिया। बेटों को बचाने पहुंची उनकी मां मुन्नी देवी (65) को भी युवकों ने पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तीन लोगों पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया है।
मोहल्ला परा के सर्वेश कश्यप से मोहल्ले के ही राजेश ने 200 रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि रुपये मांगे तो राजेश अपने साथियों के साथ सर्वेश के घर पहुंचा और उसे पीटने लगा। सर्वेश की नाक काटकर अलग कर दी। भाई को पिटता देख दुर्गेश बचाने पहुंचा तो उसे भी पीटा। मां मुन्नी देवी बचाने पहुंची तो उन्हें भी पीटा गया। वह अचेत होकर जमीन पर गिर गई। परिजन उन्हें थाने लेकर पहुंचे। वहां से पुलिस ने सीएचसी भेजा, जहां मृत घोषित कर दिया गया।
एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि मुन्नी देवी के पति मेवाराम कश्यप ने तहरीर में शराब पीने को लेकर विवाद का कारण बताया। राजेश, सत्यपाल, संजू पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने राजेश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एसएसपी अखिलेश चौरसिया का कहना है कि महिला के शरीर पर चोट का कोई जाहिरा निशान नहीं मिला है। मौत हार्टअटैक से बताई जा रही है। पोस्टमार्टम से स्थिति स्पष्ट होगी।