बरेली। बरेली कॉलेज में प्राचार्य पद को लेकर मचे घमासान में ललितकला विभाग की अध्यक्ष डॉ. मंजु सिंह भी कूद पड़ी हैं। बताया जाता है कि उन्होंने कई दिन से शिक्षकों की उपस्थिति का रजिस्टर डॉ. अनुराग मोहन के पास नहीं भेजा। इसको लेकर कॉलेज में चर्चाएं शुरू हो गईं कि क्या वह डॉ. अनुराग मोहन को प्राचार्य नहीं मानती हैं। इस पर डॉ. अनुराग मोहन ने डॉ. मंजु सिंह को पत्र लिखकर उपस्थिति रजिस्टर भेजने को कहा तो उन्होंने रजिस्टर भेज दिया और इसके बाद सारी अटकलों पर विराम लग गया। बता दें कि पिछले दिनों ललितकला विभाग में लगी प्रदर्शनी को लेकर प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन और डॉ. मंजु सिंह के बीच मुख्य अतिथि को लेकर काफी खींचतान मची रही थी।