बरेली। परिवहन निगम रोडवेज रुहेलखंड डिपो के डीजल पंप पर चहेतों की तैनाती की शिकायत और नियम विरुद्ध ड्यूटी को लेकर आरएम ने जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है। आरोप है कि एमडी के आदेशों की भी अनदेखी की जा रही है।
रोडवेज बसों में अब तक डीजल वर्कशॉप के बाहर निजी पेट्रोल पंप से डलवाया जाता था। करीब 15 दिन पहले ही वर्कशॉप में डीजल की सप्लाई शुरू होने पर बसों में डीजल देने का काम शुरू किया गया है। वर्कशॉप के कर्मचारी सुनील कुमार ने शिकायत की है कि डीजल पंप पर सक्षम चालकों से काम लिया जा रहा है। आरोप लगाया कि अक्षम चालक के स्थान पर उनका बेटा डीजल पंप पर काम कर रहा है। एमडी का आदेश है कि डीजल पंप या डग ड्यूटी में अक्षम चालकों से ही काम लिया जाए। इसके बावजूद चहेते सक्षम चालकों को मनमाने पटलों पर तैनाती दी जा रही है।
शिकायत के बाद मंगलवार को आरएम दीपक चौधरी ने वर्कशॉप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नियमानुसार ड्यूटी लगाने और शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई के निर्देश एआरएम योगेंद्र कुमार को दिए। एआरएम योगेंद्र कुमार ने बताया कि वह बुखार आने के कारण अवकाश पर हैं। अगर कोई शिकायत है तो कार्रवाई की जाएगी।
सेटेलाइट बस स्टैंड के रात्रिकालीन चौकीदार बदले
बरेली। सेटेलाइट बस स्टैंड पर रात के समय होने वाली डग्गेमारी की शिकायत के बाद आरएम के आदेश पर रात के चौकीदारों को बदल दिया गया है। हाल ही में सेटेलाइट बस स्टैंड पर अतिक्रमण, डग्गेमारी और यात्रियों को रहीं समस्याओं को लेकर आरएम समेत एमडी से शिकायत की गई थी।