मीरगंज (बरेली)। हेड कांस्टेबल नीरज चौधरी के आत्महत्या की कोशिश मामले में शाही थाने की दुनका चौकी के प्रभारी अरविंद कुमार और कांस्टेबल अमित शर्मा को एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने निलंबित कर दिया है। दोनों मोबाइल बंद कर लापता बताए जा रहे हैं।
एसएसपी ने बताया कि दोनों के खिलाफ विभागीय जांच का आदेश दिया है। नीरज के परिजन उनका मेरठ में इलाज करा रहे हैं। वहां उनकी हालत स्थिर बनी है। बरेली पुलिस की टीम मेरठ के अस्पताल में मौजूद है। उनके स्वास्थ्य का अपडेट लिया जा रहा है।
बता दें कि दुनका चौकी में हेड कांस्टेबल नीरज चौधरी ने बुधवार रात करीब 12:45 बजे सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली थी। एक गोली नीरज की गर्दन को चीरती बाहर निकल गई। गोली मारने से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट अपने घर, थाने के ग्रुप और एक पत्रकार के व्हाट्सएप पर भेजा है। इसमें उन्होंने चौकी प्रभारी और सिपाही पर भ्रष्टाचार और वसूली के आरोप लगाए हैं। बताया कि विरोध करने पर दोनों अपमानित करते थे।