तीन महीने पहले काम बंद कराकर सड़क को उसके हाल पर छोड़ा, लोग परेशान
बरेली। स्मार्ट सिटी की रैंकिंग पर निगाह गड़ाए बैठे रहने वाले नगर निगम के अफसरों ने संजयनगर और उसके आसपास के इलाकों को कई महीनों से मुश्किल में डाल रखा है। संजयनगर से तुलाशेरपुर तक बन रही सड़क का निर्माण तीन महीने से बंद पड़े होने की वजह से रास्तों पर निकलना दूभर हैं। कहीं मिट्टी और मलबे के ढेर पड़े हैं तो कहीं सड़क कटी पड़ी है।
संजयनगर मोड़: छह महीनों से सड़क पर पड़े हैं मिट्टी के ढेर
संजयनगर में घुसते ही यहां मोड़ के पास नगर निगम ने मिट्टी के दो ढेर सड़क पर ही छोड़ दिए हैं। ट्रैफिक भी इन्हीं ढेरों के ऊपर से गुजरता है जिसकी वजह से उनके बीच की मिट्टी बैठ गई है और एक रास्ता जैसा बन गया है। इसके आगे संपवेल की लाइन डालने के लिए डामर की सड़क काटी गई थी जो अब तक उसी तरह कटी पड़ी है। दोपहिया वाहनों को यहां तगड़ा झटका लगता है और कई बार उन पर सवार लोग नीचे भी आ गिरते हैं। लोगों के मुताबिक मिट्टी के ढेरों को सड़क पर पड़े छह महीने से ज्यादा वक्त हो चुका है। फिर भी उन्हें यहां से हटाया नहीं गया है।
त्रिमूर्ति चौराहा: मिट्टी और मलबे के ढेरों पर फिसलती हैं गाड़ियां
संजयनगर मोड़ की तरह त्रिमूर्ति चौराहे के पास भी मिट्टी का ढेर और मलबा छोड़ दिया गया था। काफी दिन यहां से धूल उड़ती थी, अब लोगों के गुजरने से यहां मिट्टी तो बैठ गई है लेकिन करीब ढाई फुट ऊंचा ब्रेकर तैयार हो गया है। पूरी सड़क पर बजरी भी उधड़ी हुई पड़ी है जिस पर अक्सर गाड़ियां फिसलती रहती हैं। इलाके के पार्षद वीरेंद्र पटेल ने बताया कि आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अधिकारियों से बार-बार कहने के बाद भी सड़क नहीं बन रही है।
सड़क पर फैला रहता है कूड़ा, नगर निगम की सफाई टीम उठाती ही नहीं
संजयनगर के डलावघर में दो दिन पहले आग लगाकर कूड़ा जला दिया गया था। इसके साथ बाजार में भी जगह-जगह कूड़ा फैला पड़ा रहता है। नगर निगम की सफाई टीम नियमित रूप से यहां से कूड़ा उठाने नहीं पहुंचती। दुकानदार राकेश ने बताया कि पिछले दो दिनों से कूड़ा नहीं उठा है। कूड़े के ढेरों में मुंह मारने वाले मवेशी उसे पूरी सड़क पर फैला देते हैं। कूड़े का उठान संजयनगर में भी रोजाना नहीं हो रहा है। फिर भी नगर निगम के अफसर दावा करने में नहीं चूकते कि वे रोज दो बार शहर से कूड़ा उठवा रहे हैं।
तुलाशेरपुर मोड़: पूरी तरह कट गई सड़क, गड्ढों पर होते हैं हादसे
तुलाशेरपुर मोड़ के पास सड़क एक तरफ पूरी तरह कट चुकी है और उस पर गड्ढे भी हो गए हैं। दुकानदार जीतू ने बताया कि ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब यहां पांच-छह बाइक सवार न गिरते हों। अंधा मोड़ होने के कारण रफ्तार में गुजरने वाले वाहन यहां अचानक ब्रेक लगाते ही अनियंत्रित हो जाते हैं। इसके आगे तुलाशेरपुर मोड़ पर आम के बाग के पास करीब पांच फुट चौड़ा नाला है जिसमें किसी ने नाले में मिट्टी डाल दी। इसके बाद नाले का पानी आम के बाग के साथ आसपास के घरों में भी घुस गया है। लोगों की शिकायत पर पार्षद नरेश पटेल ने नगर निगम से जेसीबी मंगवाकर नाले से मिट्टी निकलवाई।
वहां सीसी सड़क का निर्माण होना है। संपवेल लाइन का काम पूरा हो गया है। अब जल्द ही सड़क निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। - भूपेश कुमार सिंह, मुख्य अभियंता नगर निगम