बरेली। कोहरे और शीतलहर से राहत मिली तो सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार लग गई। पर्चा बनवाने के लिए खिड़की पर मारामारी होती रही। सोमवार को ओपीडी आने वाले मरीजों में सांस, जोड़ों में दर्द, सर्दी-खांसी के मरीजों की संख्या ज्यादा रही।
सीनियर फिजिशियन डॉ. आशू अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को ओपीडी आने वालों में सीने और पीठ में दर्द संबंधी मरीजों की संख्या ज्यादा रही। इसके अलावा सर्दी, खांसी, सीने में जकड़न जैसी समस्याओं से परेशान मरीज भी पहुंचे। रविवार को अवकाश के कारण सोमवार को ज्यादा मरीज आए। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कर्मेंद्र का कहना है कि शीतलहर के दौरान बच्चों में निमोनिया का प्रकोप बढ़ा है। मौसम में सुधार के बाद इसमें भी कमी आएगी। हड्डी रोग विभाग में भी जोड़ों में दर्द से परेशान मरीज भी पहुंचे।
फोटो
दिव्यांग शिविर में भटकते रहे आवेदक
सोमवार को जिला अस्पताल में आयोजित दिव्यांग शिविर में भी भीड़ रही। दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए आवेदक भटकते नजर आए। सोमवार को 60 दिव्यांग पहुंचे थे जो प्रमाणपत्र के लिए पहले ही ऑनलाइन आवेदन कर चुके थे। डॉक्टरों के पैनल ने प्रमाणपत्र जारी करने से पहले आवेदकों का परीक्षण किया।