बरेली। पीलीभीत बाईपास स्थित कोपल अस्पताल में अपंजीकृत अल्ट्रासाउंड मशीन से भ्रूण लिंग जांच प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अब वहां के स्टाफ और दस्तावेजों का सत्यापन होगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीसीपीएनडीटी और झोलाछाप नियंत्रण सेल के अधिकारी को अस्पताल की निगरानी करने, सभी स्टाफ का रिकॉर्ड सत्यापित करने को कहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह के मुताबिक भ्रूण लिंग जांच प्रकरण में अल्ट्रासाउंड मशीन सील कर दी गई है। जब तक मशीन का या अन्य कोई नया पंजीकरण नहीं होता, तब तक अस्पताल में किसी गर्भवती का इलाज और जांच न हो, पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. हरपाल सिंह को इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। झोलाछाप नियंत्रण सेल के अधिकारी डॉ. सौरभ सिंह को अस्पताल के सभी डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्स और एएनएम आदि का सत्यापन करने को कहा है। अस्पताल में कौन-कौन सी ओपीडी संचालित होती है, इसका भी रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। निर्देशानुसार बृहस्पतिवार को टीम जांच के लिए अस्पताल पहुंच सकती है।