फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: जिला अस्पताल में बैठकर बाहर की दवाइयां लिख रहे डाॅक्टर

Thu, 15 Aug 2024 03:20 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
मोहम्मद यासीन।
विज्ञापन
बदायूं। जिला अस्पताल परिसर में संचालित नेत्र विभाग के डॉक्टर बाहर मेडिकल से लेने के लिए महंगी दवाएं लिख रहे हैं। ऐसे में कई मरीज तो रुपये न होने के कारण बगैर दवा लिए ही लौट जाते हैं।
विज्ञापन


जिला अस्पताल के नेत्र विभाग में हर रोज करीब तीन सौ से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। मरीजों को डॉक्टर एक ड्रॉप और दो-तीन दवा सरकारी काउंटर से लेने के लिए पर्चे पर लिख देते हैं। इसके अलावा एक सादा पर्ची पर कुछ दवाएं बाहर से लेने के लिए लिख देते हैं। बता दिया जाता है कि दवा जिला अस्पताल के बाहर मेडिकल स्टोर से मिल जाएगी। यह दवा दो से तीन सौ रुपये तक की होती है।
नेत्र विभाग में बुधवार को जब पड़ताल की गई तो पता चला कि करीब 40 मरीजों ने डॉक्टर को दिखाया। डाॅक्टर के पास पहले से ही लिखी हुई पर्ची तैयार रहती है। डाॅक्टर सभी मरीजों का वहीं पर्ची थमा रहे थे। सहसवान से आई नाजमा ने बताया कि आंखों में दर्द होने पर डॉक्टर को दिखाया तो उसे एक पर्ची देकर कहा कि अंदर से दवा लेने के साथ ही दूसरी पर्ची देकर कहा कि यह दवा बाहर मेडिकल से लेना है। मेडिकल से 340 रुपये की दवा ली।
विज्ञापन


सखानू से आई सीमा ने बताया कि एक ड्रॉप और तीन गोली अंदर अस्पताल से मिलीं। एक पर्ची बाहर मेडिकल को लिखी थी। मेडिकल पर पूछा तो 290 रुपये की दवा बताई। रुपये नहीं थे इसलिए अब बृहस्पतिवार को आकर मेडिकल की दवा लेंगे। जरीफनगर से इलाज कराने आए सोहनपाल ने बताया कि आंखों में इंफेक्शन है। कोई भी दवा अस्पताल में नहीं मिली है। बाहर से छह सौ रुपये की दवाई खरीदनी पड़ी है। डॉक्टरों ने दवा एक सादी पर्ची में लिखी है। परेशानी अधिक थी इसलिए दवा बाहर से लेनी पड़ी।




आंखों में रोशनी की कमी पहले से है। इसके बाद आंख में इंफेक्शन हो गया है। दवा काउंटर पर पीसीएम गोली के साथ दो अन्य गोलियां दी गईं। बाहर की पर्ची पर तीन सौ रुपये खर्च कर दवा ली है। - मोहम्मद यासीन, मरीज




आंखों में इंफेक्शन हैं, खुजली हो रही है। अस्पताल के नेत्र विभाग में डॉक्टर को दिखाया तो ड्रॉप दिया और एक पर्ची देकर बाहर से दवा लिख दी। बाहर से दवा ली तो चार सौ रुपये खर्च करने पड़े।-कृष्ण गोपाल शर्मा , मरीज
-

इन दिनों आईफ्लू संक्रमण के मरीज काफी बढ़ रहे हैं। अस्पताल में पर्याप्त दवाएं नहीं हैं। आई फ्लू के मरीजों को बाहर की दवाओं की जरूरत होती है। मरीज को जल्द आराम हो इसलिए बाहर की दवाएं लिख दी जाती हैं। जो दवाएं सरकार से मिल रही हैं वह भी मरीजों को दी जा रही हैं।- कुशलपाल सिंह, नेत्र सर्जन


नेत्र विभाग की ओर से दवाओं की खरीदारी कराने को पत्र मिल चुका है। टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। सभी मरीजों को बाहर की दवा लिख जा रही है तो यह गलत है। मामले की जांच कराएंगे। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। - रामेश्वर मिश्रा, सीएमओ

मोहम्मद यासीन।

मोहम्मद यासीन।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें