वोटर लिस्ट से नाम गायब होने, इंटरनेट पर्ची से भी वोट न पड़ने और तीन घंटे बाद भी मतदान प्रतिशत न पता लगने से त्रस्त रहे लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। कुछ लोगों ने डीएम को नींद से जागने तक की नसीहत दे डाली। पहली बार किसी चुनाव में प्रशासन पूरी तरह फ्लाप दिखा। प्रशासन की लापरवाही से पब्लिक ही नहीं मीडिया भी परेशान दिखी। शाम पांच बजे मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई। सात बजे तक नगर निकाय निर्वाचन आयुक्त कार्यालय को आंकड़े भी भेज दिए गए, लेकिन स्थानीय चुनाव कार्यालय ने इसे सार्वजनिक नहीं किया। इससे चुनाव संबंधी सूचनाएं संकलित करने वाले परेशान हो गए। तीन घंटे बाद डीएम और प्रशासन नाम से व्हाट्सएप ग्रुप पर शशांक नाम के व्यक्ति ने ‘डीएम साहब जागो अब तो वोटिंग हो गई’ पोस्ट किया। इस पर जब एडीएम प्रशासन/उप निर्वाचन अधिकारी को फटकार लगी तब रात 8.39 बजे अधिकृत मतदान प्रतिशत प्रसारित हुआ।