अलीगंज। क्यारा ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों में अब नई पोषण किट का वितरण शुरू हो गया है। शासनादेश के अनुसार, बच्चों, गर्भवतियों और धात्री महिलाओं को आटा-बेसन का मिश्रण और मूंग-चावल का मिश्रण दिया जा रहा है। अतिकुपोषित बच्चों के लिए विशेष हलवा दिया जा रहा है। क्यारा ब्लॉक में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) राजकुमारी ने बताया कि सभी केंद्रों पर आठ जुलाई से नई पोषण किट वितरित की जा रही है। पहले पुष्टाहार में रिफाइंड तेल, चना दाल और दलिया दिया जाता था। अब आयुवर्ग के अनुसार छह प्रकार की रेसिपी दी जा रही हैं। इनमें शिशु अमृत, शिशु आहार, बाल पुष्टिकर, संपूर्ण मातृ आहार, बाल संजीवनी और सक्षम पोषण शामिल की हैं। छह माह से तीन साल तक के बच्चों को आटा-बेसन हलवा के तीन पैकेट, तीन से छह साल के बच्चों को आटा-बेसन बर्फी का एक पैकेट व दलिया-मूंग दाल की खिचड़ी के दो पैकेट, गर्भवती व धात्री महिलाओं को आटा-बेसन बर्फी के दो पैकेट व दलिया-मूंग दाल खिचड़ी के दो पैकेट, छह माह से छह साल तक के अतिकुपोषित बच्चों को ऊर्जा युक्त हलवा के पांच पैकेट दिए जा रहे हैं।