बरेली। छात्राओं को फेल करने के आरोपों पर जिला विद्यालय निरीक्षक सोमरू प्रधान ने बृहस्पतिवार को श्री गुरुनानक रिक्खी सिंह गर्ल्स इंटर कॉलेज को नोटिस जारी कर प्रिंसिपल से जवाब मांगा है। बुधवार को छात्राओं और अभिभावकों ने स्कूल के खिलाफ डीएम और डीआईओएस को ज्ञापन दिया था।
अभिभावकों का कहना है स्कूल प्रबंधन की वजह से उनकी बेटियां तनाव में हैं। छात्राओं ने कहा कि जिन बच्चों ने स्कूल के शिक्षकों से ट्यूशन नहीं ली, उन्हें जानबूझकर फेल किया गया है। 11वीं की छात्रा शगुन क्रिकेट की नेशनल खिलाड़ी व एनसीसी कैडेट भी हैं। स्कूल की ओर से फेल किए जाने के बाद वह डिप्रेशन में हैं। उनके पिता संजीव उपाध्याय का कहना है कि शगुन ने अपने दोनों पैर जला लिए हैं। उसकी मानसिक स्थिति भी बिगड़ गई है। स्कूल की इस हरकत ने उनकी बेटी का भविष्य खराब कर दिया। प्रिंसिपल ने उनसे मिलने से भी मना कर दिया।
अभिभावक मीरा का कहना है कि उनकी बेटी 11वीं में पढ़ती है। जब से फेल हुई है, दिन भर रोती रहती है। रवींद्र कुमार का कहना है कि फेल किए जाने के बाद से बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह खाना नहीं खा रही है।
ताक पर नियम
अभिभावक चंदन कुमार का कहना है कि उनकी बेटी अराध्या कक्षा पांच में पढ़ती है, उसे फेल कर दिया गया। आठवीं तक की कई छात्राओं के साथ ऐसा किया गया। अभिभावकों ने नियमों का हवाला देकर विरोध किया तो उनको पास कर दिया गया। स्कूल की प्रिंसिपल रचना अरोड़ा से मामले में उनका पक्ष जानने के लिए लगातार प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।