बरेली। गांधीपुरम फेस टू में मंगलवार से जर्जर बिजली लाइने बदली जाएंगी। रविवार को मुख्य अभियंता राजीव शर्मा ने कॉलोनी का निरीक्षण कर जर्जर लाइनों को देखा। स्थानीय निवासियों से बात की और अधीनस्थों को जरूरी निर्देश दिए। कॉलाेनी के लोग काफी समय से जर्जर लाइनों को बदलवाने की मांग कर रहे थे। शुक्रवार को लोगों ने मुख्य अभियंता के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया था।
गांधीपुरम फेस टू में जर्जर बिजली लाइनों के चलते अक्सर लोकल फॉल्ट होते रहते हैं। बृहस्पतिवार को पूरी रात बिजली गुल रहने से नाराज स्थानीय लोग मुख्य अभियंता राजीव शर्मा के पास पहुंचे। उन्होंने लोगों को अधिशासी अभियंता के पास भेज दिया। अधिशासी अभियंता नहीं मिले तो लोगों ने एमएलसी हरि सिंह ढिल्लो से मिलकर समस्या बताई। एमएलसी ने बिजली निगम के अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। दरअसल, कॉलोनी में जर्जर लाइनें बदलने के लिए 10.54 लाख का एस्टीमेट 12 जून को ही तैयार किया जा चुका थाए लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो सका है। इस बीच वन राज्य मंत्री अरुण कुमार ने भी बिजली निगम के अधिकारियों को लिखा, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को मुख्य अभियंता राजीव शर्मा कॉलोनी में पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंगलवार से लाइनें बदली जाएंगी।