बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से इन दिनों स्नातक और परास्नातक में प्रवेश के लिए पंजीकरण किए जा रहे हैं। इसमें विषय चयन और प्रवेश संबंधी अन्य समस्याएं लेकर विद्यार्थी कॉलेजों की प्रवेश समिति से मदद लेने पहुंच रहे हैं। स्ट्रीम बदलने पर प्रतिशत कम होने की समस्या से सर्वाधिक विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं।
विवि से संबद्ध बरेली कॉलेज में इन दिनों परास्नातक प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। मुख्य प्रवेश समन्वयक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि प्रवेश लेने आ रहे विद्यार्थियों को पता नहीं होता है कि दूसरी स्ट्रीम में प्रवेश लेने पर उनके पांच प्रतिशत और ईयर गैप होने पर दो प्रतिशत अंक कम हो जाते हैं। साथ ही, विषय चयन को लेकर भी इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को संशय होता है। ऐसे में उनकी कॅरिअर काउंसलिंग भी की गई।
सबसे अधिक समस्या उन विद्यार्थियों को आ रही है, जिन्होंने प्रवेश तिथि समाप्त होने पर भी फीस जमा नहीं की और सीट पर प्रवेश का दावा कर रहे हैं। समिति की ओर से इन विद्यार्थियों की समस्या का समाधान किया जा रहा है। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी राजकीय महिला महाविद्यालय, साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय में भी प्रवेश समिति छात्राओं के संशय को दूर कर रही है।
स्नातक में 39,000 सीटें खाली
विवि के पोर्टल पर स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए तीसरे चरण के पंजीकरण चार अगस्त से हो रहे हैं, जिसकी अंतिम तिथि 12 अगस्त निर्धारित की गई है। इसमें करीब दो लाख सीटों के सापेक्ष 1.61 लाख विद्यार्थियों ने विवि के पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। वहीं, परास्नातक में प्रवेश के लिए 15 अगस्त तक आवेदन किए जाएंगे। इसमें उपलब्ध 90,000 सीटों में से 80,000 से अधिक सीटें अब तक खाली हैं।