टीपीनगर फीडर ब्रेक डाउन, किला, मढ़ीनाथ और सुभाषनगर उपकेंद्र के इलाकों में रही ज्यादा समस्या
बरेली। स्वतंत्रता दिवस पर भी शहर के लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार और फिर शुक्रवार को टीपीनगर फीडर दो बार ब्रेक डाउन हुआ। इससे बड़े इलाके में बिजली संकट बना रहा। डोहरा और पीलीभीत बाइपास फीडरों पर भी लोकल फॉल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हुई।
बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे टीपीनगर फीडर फॉल्ट के कारण ब्रेक डाउन हो गया। चार घंटे के बाद फॉल्ट को दूर कर आपूर्ति चालू की जा सकी। इसके बाद ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। किला उपकेंद्र के फीडर नंबर पांच पर बुधवार को आठ घंटे का शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य कराया गया था, लेकिन स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है। अब भी बमनपुरी, फूटा दरबाजा, कुंवरपुर, मलूकपुर, बिहारीपुर, एक मीनार मस्जिद, जखीरा, साहूकारा इलाकों में कटौती और ट्रिपिंग की समस्या दूर नहीं हो रही।
मढ़ीनाथ और सुभाषनगर उपकेंद्र शुक्रवार को दो बार तकनीकी कारणों से बंद किए गए। शहर के कई इलाकों में बंच केबल बदलने के दौरान बालजती, नवादा शेखान, सतीपुर इलाकों में शुक्रवार को भी कटौती और ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। संवाद