बरेली। आचार संहिता समाप्त होने के बाद क्षेत्रवार विकास कार्यों के संबंध में बुधवार को विकास भवन सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक हुई। मीरगंज विधायक ने ढकिया में कुल्ली नदी पर बने डैम के टूटने की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क, विद्युत, स्वास्थ्य, गाेवंश संरक्षण आदि विषयों पर जनप्रतिनिधियों से चर्चा की गई। आंवला सांसद नीरज मौर्य ने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें न बनाए जाने से दुर्घटना की आशंका जताई। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि गांवों की सूची लेकर क्रॉस चेकिंग कराई जाएगी। आंवला जाने वाले मार्ग पर गड्ढे होने की शिकायत पर संबंधित अधिकारी को मार्ग पर कार्य कराने से पूर्व व पूरा होने के बाद की फोटो लेने के निर्देश दिए। इफको फैक्टरी के दूषित जल की शिकायत पर आरओ प्रदूषण को फैक्टरी से निकले पानी जांच के निर्देश दिए।
कांधरपुर में अंडरग्राउंड लाइन डालने के बाद रोड सही न कराने, बांस के डंडों पर तार खींचकर बिजली आपूर्ति देने, जर्जर बंच केबल बदलवाने समेत अन्य शिकायतें मिलीं। जहां विद्युत कर्मियों की मृत्यु हुई है, उसकी जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।