दवा न डॉक्टर, सिर्फ नाम का हेल्थ सेंटर
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दावों पर जिम्मेदारों की अनदेखी भारी पड़ रही है। पिछले दिनों शहर में शुरू हुए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्थिति बदहाल है। सेंटर पर न डॉक्टर हैं, न दवा और न ही जांच के साधन। हालांकि, रखवाली के लिए एक स्टाफ तैनात है। वंशीनगला में करीब तीन माह पहले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोला गया है। यहां संविदा पर एक डॉक्टर और एक सहायक स्टाफ की तैनाती हुई थी, मगर पिछले दिनों डॉक्टर ने इस्तीफा दे दिया था। तब से केंद्र पर मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है।
यहां पहुंचने के बाद उन्हें यूपीएचसी तक की भागदौड़ करनी पड़ती है।बुधवार को वंशीनगला सेंटर पर स्थानीय निवासी शशांक सिंह पहुंचे थे। उन्हें बुखार की जांच करानी थी, लेकिन केंद्र पर मौजूद स्टाफ ने उन्हें कहीं और इलाज कराने का सुझाव देने लगा। बताया कि डॉक्टर हैं नहीं, दो-चार दवाएं ही हैं। जो बगैर डॉक्टर के परामर्श के नहीं दी जा सकती हैं। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने शासन से भर्ती की अनुमति मिलते ही डॉक्टर तैनाती की बात कही है।