बरेली। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिले में सक्रिय अवैध और अमान्य शिक्षक संगठनों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा है। साथ ही बढ़ती गर्मी को देखते हुए विद्यालयों के समय में परिर्वतन की भी मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष शिव स्वरूप शर्मा, रोहित सिंह और अजरार हुसैन आगा ने संयुक्त रूप से अवगत कराया कि शासन और विभाग की ओर से केवल मान्यता प्राप्त संगठनों को ही कार्य करने की अनुमति है। अमान्य संगठनों की ओर से अखबारों में भ्रामक खबरें प्रकाशित कराई जा रही हैं और शिक्षकों से अवैध वसूली की शिकायतें भी मिल रही हैं। ये संगठन अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास करते हैं, जिससे विभागीय कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है। यदि इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल अंकुश नहीं लगाया गया तो इससे शिक्षकों के हितों और विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।