मीरगंज। दो सप्ताह पूर्व सिंधौली में सराफ की दुकान में हुई चोरी का अभी तक खुलासा न होने से व्यापारियों ने इंस्पेक्टर से मिलकर शीघ्र खुलासे की मांग की है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष की अगुआई में मीरगंज के व्यापारी बृहस्पतिवार को इंस्पेक्टर मीरगंज से मिले। शीघ्र चोरी के खुलासे की मांग की।
दो सप्ताह पूर्व सिंधौली के रहने वाले कौशल गुप्ता की सराफ की दुकान से चोरों ने 200 ग्राम सोना, 10 किलो चांदी के जेवरात और एक लाख 90 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। सूचना पर सीओ अरुण कुमार, प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम अवधेश यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल ने पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया था। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की। दो सप्ताह से भी अधिक समय गुजरने के बावजूद अभी तक चोरी का खुलासा न होने के कारण व्यापारियों ने नाराजगी जताई है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष अल वकील, जिला युवा अध्यक्ष अतुल अग्रवाल, मीरगंज व्यापार मण्डल अध्यक्ष राम नारायण गुप्ता, युवा व्यापार मण्डल अध्यक्ष चरन जीत सिंह टोनी, अरविन्द गंगवार आदि मौजूद रहे। संवाद