बहेड़ी। बहेड़ी से पीलीभीत तक रेल लाइन बिछाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद से दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने इस मार्ग से रेल लाइन स्वीकृत करने का आग्रह किया। व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष अतुल कुमार गर्ग, कोषाध्यक्ष हरवंश गुप्ता और महामंत्री हाजी मोहम्मद आरिफ रजवी ने मंत्री को ज्ञापन दिया। बताया कि आठ जुलाई को इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीना सिन्हा और अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार से भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। रेलवे अभी सेंथल-देवरनियां होकर भोजीपुरा बाइपास लाइन बनाने की बात कर रहा है, लेकिन व्यापार मंडल चाहता है कि यह लाइन बहेड़ी-पीलीभीत मार्ग से स्वीकृत हो। व्यापारियों का तर्क है कि यह मार्ग जनहित में अधिक लाभदायक होगा। व्यापारियों के अनुसार, बहेड़ी होकर रेल लाइन निकलने से पीलीभीत से लालकुआं की दूरी 30 किलोमीटर कम होकर 70 किलोमीटर हो जाएगी। इससे समय, ईंधन और किराया बचेगा। यह मार्ग लखीमपुर, मैलानी और पीलीभीत से दिल्ली के लिए सीधा रास्ता देगा, जिससे बरेली-दिल्ली रूट का दबाव घटेगा। पीलीभीत टाइगर रिजर्व से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। व्यापार मंडल ने बताया कि सेंथल-देवरनियां रूट पर अभी बजट पास नहीं हुआ है इसलिए रास्ता बदलना संभव है। ज्ञापन देने वालों में अतुल गर्ग, अनूप गुप्ता, कमलजीत सिंह, सलीम रहबर और वसीम नदीम शामिल रहे।