बरेली। एक ही भूखंड का दो लोगों से सौंदा कर तीन लोगों ने एक व्यक्ति से सात लाख रुपये ठग लिए। सहारनपुर के नानौता थाना क्षेत्र के गांव गुडम निवासी निर्देश त्यागी ने एसएसपी को बताया कि वह बरेली के कर्मचारीनगर में रहते हैं। उनको भूखंड खरीदना था। परिचितों से चर्चा की तो उन्होंने सैदपुर हॉकिन्स निवासी शंकर लाल से मिलवाया। शंकर लाल ने कहा कि उसके परिचित सत्यपाल की बहन राजेश्वरी अपना भूखंड बेचना चाहती हैं। राजेश्वरी से बात करने के बाद 200 वर्गगज प्लॉट का सौदा 21 हजार रुपये प्रति वर्गगज की दर से तय हो गया। उन्होंने दो लाख रुपये नकद दिए और 11 अक्तूबर 2024 को चेक के जरिये पांच लाख रुपयों का भुगतान कर दिया। बैनामा कराने के लिए कहा तो राजेश्वरी व अन्य लोग टालमटोल करने लगे। बाद में उनको पता लगा कि प्लॉट का सौदा पहले भी हो चुका है। प्रवेश नाम के व्यक्ति से भी यह लोग प्लॉट बेचने के नाम पर 12 लाख रुपये ठग चुके हैं। एसएसपी के निर्देश पर इज्जतनगर पुलिस ने राजेश्वरी देवी, सत्यपाल और शंकर लाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद