संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव।
परिजनों ने जताया अनहोनी की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
फतेहगंज पूर्वी। थाना क्षेत्र के गांव घुलूपुरा में सोमवार शाम खेतों में एक युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई, जब लोगों ने देखा तो उसकी शिनाख्त गांव के ही 35 वर्षीय जोगेंद्र के रूप में की है। वहीं, कुछ लोग युवक के साथ अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। परिजनों की तरफ से कोई तहरीर थाने में नहीं दी गई है।
परिजनों के मुताबिक जोगेंद्र सोमवार सुबह घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन शाम तक घर नहीं आया। तभी किसी ने बताया कि एक युवक नदी किनारे एक खेत की मेड़ पर पड़ा है, जब परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर देखा तो वह जोगेंद्र ही निकला। वह मृत हालात में पड़ा हुआ था। परिजन जोगेंद्र के शव को घर ले आए। उसके शरीर पर चोटों के निशान व पैर में जलने के निशान देखकर उन्हें अपने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका हुई। इसी के कारण युवक के पिता मैकूलाल ने मंगलवार सुबह थाने पहुंचकर पुलिस से पोस्टमार्टम करवाने की बात कही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। संवाद
युवक की मौत बीमारी से होना प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों के द्वारा तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
- संतोष कुमार, थाना प्रभारी