शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र में गोला बाईपास रोड पर एक ईंट भट्ठे के पास सड़क किनारे खाई में मजदूर का शव पड़ा मिला। उसकी शिनाख्त मोहल्ला बगियानाथ निवासी 28 वर्षीय राजू के रूप में हुई है। उसके सिर में चोट लगी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार सुबह कुछ लोगों ने खाईं में युवक का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। कई घंटे बाद मौके पर पहुंचे खुटार के मोहल्ला बगियानाथ के लोगों ने शव की शिनाख्त राजू के रूप में की। जानकारी मिलने पर राजू के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
भाई मनोज कुमार ने बताया कि राजू एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। रविवार को भी राजू मजदूरी करने गए थे। इसके बाद वापस नहीं आए। देर रात तक घर नहीं लौटने पर तलाश भी की गई थी, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। राजू के सिर में चोट के निशान मिले हैं।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया राजू की मौत सड़क हादसे में होना लग रही है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। राजू की मौत से पत्नी रूबी देवी, मां उषा देवी, भाई मनोज और अंकित का रो-रोकर बुरा हाल है।