फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: साप्ताहिक बाजार से लापता महिला का शव मिला, हत्या का शोर

विज्ञापन
विज्ञापन
मीरगंज/फतेहगंज पश्चिमी। बाजार गई महिला का शव मीरगंज थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला। चेहरा कुचला होने की बात कहकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
विज्ञापन

फतेहगंज पश्चिमी के गांव सतुइया खास निवासी करन सागर की पत्नी मुन्नी देवी (26) बृहस्पतिवार दोपहर बाद कस्बा में लगने वाली साप्ताहिक बाजार गईं थीं। करन तब खेत पर गेहूं काट रहे थे। वह शाम तक नहीं लौटीं तब परिजनों ने रात नौ बजे तक उसकी तलाश की। फिर थाना जाकर तहरीर दी। पुलिस ने सुबह फोटो देने के बाद गुमशुदगी दर्ज करने की बात कहकर घर भेज दिया। शुक्रवार सुबह मीरगंज थाना पुलिस ने भाखड़ा नदी पुल के पास रेलवे ट्रैक पर मुन्नी देवी का शव मिलने की सूचना दी। चेहरा कुचला होने की वजह से परिजनों ने शव की कपड़ों से शिनाख्त की। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। परिजन किसी से कोई रंजिश नहीं बता रहे हैं।

परिजन बोले- पहचान मिटाने को चेहरे पर किया वार

- परिजनों के मुताबिक मुन्नी देवी गांव से ई-रिक्शा पर बैठकर गईं थीं। ग्रामीणों ने उन्हें जाते हुए देखा भी था। मोबाइल घर छूट गया था। फिर वह गांव से करीब आठ किमी दूर रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचीं, यह जांच का विषय है। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने पर भी मुन्नी के शरीर का कोई अंग नहीं कटा था। सिर और चेहरे पर गहरी चोट पहुंचाकर पहचान मिटाने का प्रयास किया गया था। थाना प्रभारी मीरगंज बहादुर सिंह ने बताया कि प्राथमिक तौर पर मामला ट्रेन से कटकर आत्महत्या का लग रहा है। इंजन की टक्कर से शव की हालत बिगड़ी होगी। बाकी स्थिति पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही साफ हो सकेगी।
विज्ञापन


करीब चार महीने पहले तक फतेहगंज पश्चिमी के आसपास का इलाका महिलाओं की हत्या के लिए खासा चर्चित था। शाही और शीशगढ़ थाने के गांवों में आठ महिलाओं के शव मिले थे। गांव कुल्छा गौंटिया, प्रेमपुर, खजुरिया, मुबारकपुर, सेवा ज्वालापुर, आनंदपुर और शीशगढ़ में मिले इन शवों में से अधिकांश के गले उन्हीं के कपड़ों से कसे मिले थे। हत्या करने वाले गिरोह या सटीक अपराधी को पकड़ने में पुलिस नाकाम साबित हुई थी।
महिला ट्रेन से कटी होगी। हत्या जैसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है। परिवार इस तरह की तहरीर देगा तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों से जांच करा ली जाएगी। - मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी उत्तरी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें