बरेली में सुभाषनगर के नाले से एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद उसकी पहचान बदायूं के उसावां निवासी मुनीम विजय सिंह के रूप में की गई। उनके बेटे ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना को लेकर सुभाषनगर थाने में गुमशुदगी और उसावां थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस पोस्टमार्टम के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
बदायूं के कस्बा उसावां के वार्ड चार निवासी विजय सिंह एक आढ़त पर मुनीम थे। उनका शव सोमवार दोपहर बदायूं रोड स्थित स्टेट बैंक शाखा के पास नाले में मिला। परिवार के साथ उसावां थाने से आई पुलिस व सुभाषनगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाश कराई तो शव मिला।
बेटे आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि उनके पिता एक फरवरी को पड़ोसी, दोस्त और उसी आढ़त पर काम करने वाले राकेश पाठक के साथ ईको कार से बरेली आए थे। शंकर नाम का ड्राइवर इन्हें लाया था। राकेश ने बताया था कि बरात में जा रहे हैं। पिता वापस नहीं लौटे तो उन लोगों ने तलाशने की कोशिश की। राकेश पाठक ने भी कोई खास बात नहीं बताई।
आठ फरवरी की गुमशुदगी और आठ को अपहरण की रिपोर्ट
उन्होंने चार फरवरी को सुभाषनगर थाने में गुमशुदगी और आठ फरवरी को उसावां थाने में राकेश व शंकर के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक महिला को पिता का मोबाइल इसी नाले के पास मिला था, इसीलिए वह उन्हें तलाशने यहां आए।
सुभाषनगर थाने के इंस्पेक्टर अखिलेश प्रधान का कहना है कि घटना के दिन की सीसीटीवी फुटेज में विजय सिंह लड़खड़ाते हुए चलते दिखाई दे रहे थे, लग रहा है कि वह खुद नाले में गिरे होंगे। हालांकि पोस्टमार्टम से पहले कुछ कहना सही नहीं है, मंगलवार को स्थिति साफ हो जाएगी।