बरेली। लोगों को घर बैठकर शेयर लगाने व अन्य बहाने से ऑनलाइन कमाई कराने का झांसा देकर ठगी की घटनाएं बढ़ी हैं। साइबर ठग शुरू में लोगों को उनके खाते में प्वाइंट दिखाकर यह बताने की कोशिश करते हैं कि वह लाखों की कमाई कर रहे हैं। इसी तरह वह रुपये ऐंठते रहते हैं और बाद में नंबर बंद हो जाते हैं। कई मामलों में शिकायत के बाद जांच हो रही है।
पिछले दिनों शहर में कई लोगों को साइबर ठगों ने रोजगार देने के नाम पर चूना लगाया है। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही को टेलीग्राम पर टास्क पूरे करने पर उनके खाते में भुगतान किया गया। जब सिपाही को विश्वास हो गया तो साइबर ठगों ने उनसे कई लाख रुपये अपने खातों में डलवा लिए। सिपाही ने कोतवाली में साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसी तरह सुभाषनगर निवासी प्रियंका को साइबर ठगों ने यूट्यूब पर पार्ट टाइम काम देने का झांसा दिया और बीस हजार रुपये खाते में डलवा लिए। प्रियंका की शिकायत पर सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में साइबर ठगों ने कमाई कराने और लाभ देने का झांसा दिया था। शुरुआत में साइबर ठगो ने कुछ प्वाइंट दिखाकर रुपये भी उनके खाते में आना दिखाया। विश्वास होने के बाद लोगों को शिकार बना लिया।
000
ये बरतें सावधानी
-
किसी को आधार कार्ड या पैनकार्ड न भेजें।
किसी नए लिंक पर क्लिक न करें, आपकी निजी जानकारी ठगों को मिल सकती है।
किसी ऑफर या इनाम के झांसे में न आएं।
किसी को ओटीपी न बताएं, बैंक संबंधी डिटेल न दें।
वीडियो कॉल पर न्यूड वीडियो बनाकर ठगी के मामले बढ़े हैं, इनसे सावधान रहें।
रात में सोते वक्त मोबाइल पर इंटरनेट बंद करना भी ठगी से बचाता है।
फिजूल के एप डाउनलोड करने से बचें।
ठगी होते ही 1930 टोल फ्री नंबर पर कॉल करें।
ठगी का पता चलते ही तत्काल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।