सिरौली। अधिकारियों के तमाम दावों के बावजूद कस्बे की बेपटरी बिजली व्यवस्था में अब तक सुधार नहीं हुआ है। शुक्रवार को दिनभर कटौती और लो वोल्टेज के चलते कस्बावासियों को जूझना पड़ा। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
शुक्रवार को पहले तो ओवरलोडिंग के चलते बार-बार ट्रिपिंग होती रही। इसके बाद 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन हो गई। बिजली निगम के अधिकारियों ने बताया कि लाइन टू फेस हो गई थी। देर शाम तक इसे ठीक नहीं किया जा सका। गर्मी में लोग परेशान होते रहे। पेयजल के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
साहूकारा मोहल्ले की रहने वाली सोनी रस्तोगी ने बताया कि बिजली कटौती से सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं को होती है। शिकायत करने के लिए बिजलीघर पर जब फोन लगाया जाता है तो अधिकारी फोन नहीं उठाते। भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष सोनी गुप्ता बताया कि ट्रिपिंग एवं लो वोल्टेज मुसीबत बने हुए हैं। फ्रिज, कूलर, पंखे शोपीस बन गए हैं। हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष आशीष कठेरिया ने बताया कि जल्द बिजली आपूर्ति की व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।