फरीदपुर। भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में तीन दिन से डीडी प्रिंटिंग मशीन खराब होने के कारण डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) बनाने का काम ठप है। डीडी बनवाने पहुंचे ग्राहकों को शुक्रवार को भी लौटा दिया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान फरीदपुर की फीस जमा करने के लिए छात्र-छात्राओं ने तीन दिन से फॉर्म जमा कर रखे हैं। डीडी बनवाने के लिए तीन दिन से चक्कर लगा रहे हैं। वर्तमान में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में दाखिले किए जा रहे हैं। कई संस्थानों में फीस केवल डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) के माध्यम से ही ली जा रही है। बैंक में डीडी न बनने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। व्यापारियों को भी भुगतान करने के लिए डीडी की जरूरत है। तीन दिन से कई टेंडर और व्यावसायिक डील अटक गई हैं। एसबीआई शाखा प्रबंधक मंजू मौर्य ने बताया कि खराब पड़ी डीडी प्रिंटिंग मशीन को सही करने के लिए कहा गया है।