फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: महादेव सेतु के किनारे दुकानों-मकानों की छतों पर दौड़ रहा बेपरवाही का करंट

Sat, 22 Jun 2024 05:52 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। महादेव सेतु के लोकार्पण को तीन माह बीत चुके हैं। इसके बाद भी पुल के दोनों ओर दुकानों-मकानों की छतों-छज्जों पर विद्युत निगम की बेपरवाही का करंट दौड़ रहा है। बारिश के दिनों में यहां खतरा हो सकता है। पुल के निर्माण के समय 11 केवी हाईटेंशन लाइनों को शिफ्ट करने के नाम पर दोनों ओर दुकानों-मकानों की छतों से गुजार दिया गया था। अब तक ये लाइनें वहीं पड़ी हैं।
विज्ञापन

महादेव पुल के निर्माण के दौरान ही दो लोगों की जान चली गई थी। बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने को लेकर भी खींचतान बनी रही। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले 12 मार्च 2024 को पुल का लोकार्पण कर दिया गया था। तब आनन-फानन में विद्युत लाइनें शिफ्ट कर दी गई थीं। उस समय खंभे हटाने के बाद 11 केवी और सामान्य बंच केबल को पुल के दोनों ओर दुकानों और मकानों की छतों-छज्जों से गुजार दिया गया था।
तीन महीने बाद भी ये लाइनें ज्यों की त्यों हैं। पुल के दोनों ओर घनी आबादी और बाजार है। अब मानसून सीजन को लेकर व्यापारी परेशान हैं। उनका कहना है कि अगर बारिश में करंट फैला तो यहां बड़ा हादसा हो सकता है।
विज्ञापन

पुल के नीचे लगीं लाइटें जलती ही नहीं
पुल के नीचे नगर निगम ने पथ प्रकाश के लिए लाइटें भी लगाई हैं, लेकिन वे जलती ही नहीं। व्यापारी सेवा संघ इसको लेकर कई बार नगर निगम और विद्युत निगम में शिकायत भी कर चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
हाईटेंशन लाइनों को दुकानों-मकानों की छतों पर डालते समय अधिकारियों ने जल्द ही उन्हें शिफ्ट करने की बात कही थी। अब बारिश का मौसम आ रहा है। ऐसा लगता है कि विद्युत निगम हादसों का इंतजार कर रहा है। - चरनजीत सिंह, व्यापारी
पुल के लोकार्पण के तीन माह बाद भी दोनों ओर दुकानों-मकानों की छतों पर डाली गई हाईटेंशन लाइनों को हटाया नहीं गया है। व्यापारी सेवा संघ कई बार शिकायत कर चुका है। इससे बारिश में खतरा हो सकता है। - दीपक अग्रवाल, व्यापारी नेता
पुल निर्माण के दौरान लाइनें शिफ्ट करने के नाम पर उसे दुकानों-मकानों की छतों पर डाल दिया गया था, जिसे अब तक नहीं हटाया गया है। बारिश के दौरान यदि बंच केबल में फॉल्ट हुआ तो यहां बड़ा हादसा हो सकता है। - कपिल साहनी, दवा व्यापारी
विद्युत निगम की यह घोर लापरवाही है। हाईटेंशन लाइनें छतों पर पड़ी हैं। व्यापारियों ने कई बार अधिकारियों से लाइनें शिफ्ट करने की मांग की, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। बारिश में हादसे व जनहानि की आशंका है।- रवि अरोरा, कपड़ा व्यापारी
बिजली लाइनों के दुकानों-मकानों की छतों पर अब तक पड़े होने की वजह पता करने के बाद निस्तारण कराया जाएगा। व्यापारी संगठनों की ओर से इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। - अंबा प्रसाद वशिष्ठ, अधीक्षण अभियंता
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें