बरेली। चौबारी मेला आधी-अधूरी तैयारियाें के बीच ही शुरू हो गया है। श्रद्धालु मंगलवार सुबह चार बजे से ही आस्था की डुबकी लगाना शुरू कर देंगे। अमर उजाला की टीम जब रात नौ बजे चौबारी मेला पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके थे। घाटों पर रोशनी का कोई इंतजाम नहीं किया है। श्रद्धालु अंधेरे में ही प्रवास किए हैं। सुबह स्नान के समय श्रद्धालुओं को तमाम दिक्कतों से दो-चार होना पड़ेगा। स्नानघाट की ओर जाने वाली अस्थायी सड़क संकरी बनाई गई है। इसमें भी दलदल है। संकरी गली के बीचोंबीच एक हैंडपंप लगा है। इससे आवागमन बाधित हो रहा है। लाल फाटक क्रॉसिंग से जाने वाले दोपहिया, चारपहिया, ट्रैक्टर ट्राली और घोड़ा तांगों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बदहाल सड़क ने खासा परेशान किया। मेले में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान है।