देवरनियां। जिले की एक मात्र किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा में पेराई सत्र पटरी पर नहीं आ पा रहा है। बुधवार रात क्रेन में खराबी आने की वजह से पेराई का काम ठप हो गया। इसको लेकर किसानों ने चीनी मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
28 नवंबर को पेराई सत्र शुरू होने के बाद से अब तक कई बार पेराई ठप हो चुकी है। बुधवार रात क्रेन में आई तकनीकी खामी के बाद तौल बंद कर दी गई। इसके विरोध में मिल यार्ड में खड़े किसानों ने जमकर नारेबाजी की। किसान मुकेश कुमार, चेतराम, जयवीर, जमुना प्रसाद, रामौतार, संतोष कुमार, आशीष कुमार, गुरुदत्त, राजपाल, हरिपाल, आनंद प्रकाश, सोमपाल आदि किसानों ने बताया कि बार-बार खामी आने के बावजूद मिल प्रबंधन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल रहा।
कड़ाके की ठंड में गन्ना लेकर मिल तक आते हैं। यहां आने पर पता चलता है कि तौल बंद है। उन्होंने गन्ना तौल के लिए चस्पा की गई सूची के हिसाब जारी न करने का भी आरोप लगाया। वहीं, इस संबंध में जब चीनी मिल के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने शुक्रवार सुबह से तौल शुरू होने की बात कही।