बरेली। शनिवार देर रात पूर्व सांसद संतोष गंगवार को झारखंड का राज्यपाल बनाए जाने की सूचना सोशल मीडिया के जरिये समर्थकों तक पहुंची तो रविवार तड़के से ही उनके आवास पर समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। हालांकि, व्यक्तिगत कार्य से वह हल्द्वानी के लिए रवाना हो चुके थे। लिहाजा, काफी इंतजार के बाद दोपहर ढाई बजे जब वह घर पहुंचे तो जिंदाबाद के नारों और आतिशबाजी से जोरदार स्वागत हुआ।
इधर, कार्यालय और आवास पर जनसमूह बढ़ता देख पंडाल लगाया गया। उनके आवास की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात डायवर्ट करना पड़ा। दोपहर 12 बजे तक उनके कार्यालय व उसके बाहर काफी संख्या में समर्थक पहुंच गए। दोपहर ढाई बजे उनका काफिला कार्यालय पर पहुंचा तो समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, आईवीआरआई के निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त समेत काफी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
महिला समर्थकों में दिखी उत्सुकता
रविवार को धूप और उमस के बावजूद राज्यपाल का स्वागत करने के लिए महिला समर्थकों में उत्सुकता देखी गई। कुछ महिलाएं कार्यालय के बाहर धूप में खड़ी उनके आने के इंतजार करती रहीं। लोकसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद कुछ लोगों ने संतोष से किनारा कर लिया था। राज्यपाल बनने के बाद वह लोग रविवार को कार्यालय पहुंचे तो बाहर स्थित एक चाय की दुकान पर बैठे कुछ समर्थक उन पर तंज कसते नजर आए। संवाद