बरेली में मौसम जैसे ही खुशगवार हुआ लोगों की भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
पुलिस भर्ती और यूपीएससी परीक्षा में शामिल हुए हजारों अभ्यर्थी, संडे बाजार ने भी बढ़ाईं मुश्किलें
बरेली। रविवार को शहर में दो परीक्षाओं की वजह से सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ रही। पुलिस विभाग के विभिन्न पदों पर भर्ती के साथ ही यूपीएससी परीक्षा में भी शामिल होने वाले लोगों की भीड़ परीक्षा केंद्रों पर लगी तो जाम लग गया। वहीं शाम की पाली निपटने के बाद परीक्षार्थी निकले तो भी रास्ते जाम हो गए। ईसाइयों की पुलिया पर संडे बाजार ने आधा रास्ता घेर रखा था, जिसकी वजह से वाहन निकलने में दिक्कत हुई।
पुराने रोडवेज से सेटेलाइट स्टैंड तक आपाधापी
शाम की पाली की परीक्षा छूटने पर शहर में आए हजारों अभ्यर्थी घर जाने के लिए वाहन तलाशते हुए रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे। इस वजह से सेटेलाइट बस स्टैंड के साथ ही पुराने रोडवेज बस स्टैंड पर भी अभ्यर्थियों की भीड़ बढ़ गई। दोनों जगह बसों में सीट घेरने में परीक्षार्थी जुटे रहे। इनके अलावा अपनी बाइक और कारों से आए लोग जब शहर से निकले तो करीब पांच बजे सेटेलाइट समेत सभी प्रमुख रास्तों पर जाम जैसे हालात बन गए।
संडे बाजार ने आधी सड़क घेरी तो एंबुलेंस भी फंसी
हमेशा की तरह रविवार का बाजार ईसाइयों की पुलिया से लेकर मालियों की पुलिया तक सड़क घेरकर इस रविवार को भी लगाया गया। पूरे दिन एक साइड की सड़क ठेले और फड़ वालों के कब्जे में रही। मुसीबत तब हुई जब शाम के वक्त वाहनों की आवाजाही यहां ज्यादा हो गई। वाहन एक ही लेन में चल रहे थे और दूसरी दिशा में संडे बाजार लगा था। पुलिया पर यातायात पुलिस व होमगार्ड वाहन निकलवाने में मदद तो कर रहे थे मगर रविवार का बाजार का रास्ता शाम ढलने के बाद भी नहीं खाली कराया जा सका। इस जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई।
बाजार में भी भीड़, कुतुबखाना पर लगा जाम
रविवार को अवकाश के कारण बड़ा बाजार में खरीदारी करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। यहां शाम के वक्त कुतुबखाना बाजार में जाम की स्थिति बन गई। कुतुबखाना से बिहारीपुर जाने वाला रास्ता वाहनों से ठसाठस था तो बिहारीपुर में अंदर की गलियों में भी जाम लगा था। सुभाषनगर पुलिया पर भी आम दिनों के मुकाबले वाहनों की संख्या ज्यादा रही, जिससे अफरातफरी का माहौल रहा।
दूसरे दिन भी कम आए परीक्षार्थी, 46 फीसदी से कम रही उपस्थिति
रविवार को भी पुलिस विभाग के घुड़सवार, फायरमैन व जेल वार्डर पद की परीक्षा आठ केंद्रों पर दो पाली में कराई गई। दोनों पाली में 7536 परीक्षार्थी उपस्थित होने थे मगर 4104 अभ्यर्थी ही परीक्षा केंद्र पहुंचे। एसपी यातायात संजीव कुमार बाजपेई के मुताबिक दोनों दिन की परीक्षा में 15072 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6912 अभ्यर्थी आए जबकि 8162 गैरहाजिर रहे। दोनों दिन में कुल 45.85 फीसदी परीक्षार्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। अधिकारियों का मानना है कि चार साल पुराने आवेदन पर परीक्षा होने से तमाम लोग दूसरी नौकरी में चयनित हो चुके हैं। इसकी वजह से संख्या कम रही। भीषण ठंड भी वजह रही। रविवार को भी एसएसपी व अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का मुआयना कर व्यवस्थाएं देखीं।