रामपुर की वाणिज्य कर अधिकारी ऋचा कक्कड़ ने मंगलवार को यहां कोतवाली में पश्चिम बंगाल के पुलिस विभाग में तैनात दरोगा पति के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करनेे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में 10 लाख रुपये और लग्जरी कार के लिए उत्पीड़न कर रहे हैं।
वाणिज्य कर अधिकारी ऋचा कक्कड़ ने रिपोर्ट में कहा है कि उनकी शादी पिछले साल पांच फरवरी को बिहारीपुर निवासी नितिन प्रताप सिंह के साथ हुई थी। शादी के दूसरे दिन से ही नितिन और उसके परिवार वाले दहेज में 10 लाख रुपये और लग्जरी कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। उन्होंने सास, ससुर, देवर और पति को समझाया कि वह कार सैलरी पर लोन लेकर ले लेंगी, इसके लिए उनके माता-पिता से रुपये न मांगे। इसके बावजूद ससुराल वाले नहीं माने। ऋचा का कहना है कि रविवार और अन्य छुट्टी के दिनों में रामपुर से ससुराल आने पर उन्हें प्रताड़ित किया जाता। तबीयत खराब होने पर भी पति डॉक्टर के पास नहीं ले जाता था। आरोप है कि 19 मार्च को उन्हें मारपीट कर बेघर करने की कोशिश भी की गई। इसके अगले दिन पति नितिन पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में नौकरी पर चले गए। तब से वह लौटकर नहीं आए।