प्रेम विवाह करके एक साल से पति संग रह रही विवाहिता को उसके मायके वाले मौका पाकर उठा ले गए। विवाहिता के पति की कथित रूप से पिटाई की गई, जिसकी युवक ने शनिवार को किला थाने में एनसीआर दर्ज कराई है। युवक का कहना है कि उसे अपनी पत्नी की जान का खतरा है।
बदायूं के बिल्सी जिले के निवासी युवक गौरव सिंह ने एक साल पहले अपने ही गांव की युवती संध्या से प्रेम विवाह किया। युवक के अनुसार, उन्होंने शहर के एक आर्यसमाज मंदिर में शादी की। जिसके बाद से वह एक वर्ष से साथ रह रहे थे। युवक किला क्षेत्र में एक किराए के मकान में रह रहा है। आरोप है कि 28 मार्च को एक बड़ी गाड़ी से लड़की के मायके पक्ष के लोग आए और उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर ले गए। विरोध करने पर लड़की के पिता विजय सिंह, भाई मंजीत सिंह ने उससे मारपीट की। युवक का कहना है कि घटना के दिन से वह ससुराल पक्ष से बातचीत करने की कोशिश कर रहा है, कोई नतीजा नहीं निकला तब उसने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है। युवक एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है।