घरवालों के डांटने पर तीन लड़कियां घर से भागकर बरेली आ गईं। वे सेटेलाइट पर भटक रही थीं। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और उनके घरवालों को सूचना दी।
शहर के सेटेलाइट बस स्टैंड पर सोमवार रात आठ बजे पंद्रह, सोलह और 18 साल उम्र की तीन लड़कियां भटकती नजर आईं। इनमें एक विवाहित थी। उनकी गतिविधियों को देख मौजूद लोग समझ गए कि ये लड़कियां घर से भाग कर आई हैं। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो अविवाहित दो लड़कियों ने अपने को सगी बहनें बताया। उनका कहना था कि वे पीलीभीत शहर के मोहल्ला खुदागंज की रहने वाली हैं और उनके पिता की मौत हो चुकी है। एक भाई ग्रिल वेल्डिंग की दुकान पर काम करता और दूसरा बनवास मजदूरी करने जाता है। पिता की मौत के बाद चाचा ने कुछ सहारा दिया था, जो अब उन्हें अक्सर छोटी मोटी बातों पर डांटते रहते हैं। उन्हीं की डांट से क्षुब्ध होकर वे नाराज होकर घर से चलीं आईं। उनके साथ पड़ोस ही रहने वाली विवाहित युवती भी आ गई। युवती ने बताया कि उसका पति उसे मारता पीटता है, इसलिए वह उससे बचकर बरेली चली आई। यहां से वह बरेली के मोहल्ला सतीपुर में रिश्तेदारी में जाने वाली थी कि पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। दरोगा उरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि लड़कियों के परिवार वालों से संपर्क हो गया है। वे उन्हें लेने के लिए पीलीभीत से बरेली के लिए चल दिए हैं।