होली मनाने जा रहे एक परिवार की खुशियां टेंपो पलटने से मातम में बदल गई। उनका 14 साल का इकलौता बेटा टेंपो में दब गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ड्राइवर टेंपो छोड़कर भाग गया। इससे गुस्साए लोगों ने अलीगंज रोड पर जाम लगा दिया। कोतवाल एसएस पवार ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
तुमड़िया के ज्ञान सिंह का 14 साल का बेटा अंकित पांचवीं में पढ़ता था। मंगलवार को वह अपनी मां हीरन देवी, दादी नेकसू देवी और मामी हेम लता के साथ अलीगंज के गांव बीबनी गौटिया में मौसा के घर होली मिलने जा रहा था। मोहब्बत गंज गौटिया मे जगदीश के घर के सामने टेंपो असंतुलित होकर पलट गया। इसमें दबने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। टेंपो में सवार विशारतगंज के गांव फतेहगंज के वीरेश पाल उसकी पत्नी मीरा, तुमड़िया की हेमलता, भमोरा की सुशीला, सावित्री और राधा घायल हो गईं। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालात गंभीर होने की वजह से सावित्री को बरेली रेफर कर दिया।
इकलौता चिराग था अंकित
आंवला । अंकित अपने घर का इकलौता चिराग था। उसके पिता ज्ञानसिंह की 2003 मे गन्ने के ट्रक से दबने से मौत हो गई थी। मां और दादा-दादी उसे जैसे तैसे पढ़ा रहे थे। इकलौते बेटे की लाश देखकर मां और दादी बेसुध हो गई। अंकित की मौत के बाद गुस्साये ग्रामीणों को देखकर डग्गामार वाहन नहीं चले।
अलग-अलग हादसों में आठ की मौत
बरेली। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में आठ लोगों की जान चली गई। जहां होली की खुशियां थी, वहां मातम छा गया।
भमोरा के गांव खुलीता हरहरपुर निवासी हेमराज का 17 वर्षीय पुत्र गुड्डू सोमवार पूर्वाह्न ग्यारह बजे साइकिल से देवचरा में मोबाइल की दुकान पर नया मोबाइल खरीदने आया था। मोबाइल की दुकान बंद होने पर वह वापस जा रहा था, तभी उसकी साइकिल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल होकर सड़क पर ही तड़पता रहा और टक्कर मारने वाला चालक वाहन लेकर भाग गया। गुड्डू को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। इज्जतनगर क्षेत्र के नगरिया परिक्षेत्र में नवाबगंज निवासी 35 वर्षीय अनीस की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बहेड़ी के गांव खंजनपुर निवासी 35 वर्षीय श्यामा चरन और भुता के तुलसी नगर निवासी 25 वर्षीय जयपाल की भी सड़क दुर्घटनाओं में जान चली गई। भोजीपुरा के गांव भूड़ा निवासी गंगा राम का साला अमर सिंह सोमवार को होली पर घर आया था। अमर सिंह गंगा राम को बुलाकर अपने घर ले जा रहा था। दोनों साले बहनोई बाइक से जा रहे थे। दोपहर दो बजे के समय बाइक डिवाइडर से टकरा गई। जिससे गंगाराम की मौत हो गई और अमर सिंह निवासी रहपुरा घायल हो गया।
फतेहगंज पूर्वी के हाईवे के फिल एंड फ्लाई पेट्रोल पंप के पास सोमवार करीब सात बजे भी सड़क हादसा हुआ। शाहजहांपुर के थाना खुदागंज के मोहल्ला लक्ष्मीपुर निवासी दयाराम का 30 वर्षीय पुत्र आषीश बाइक से अपने कस्बे के गोपाल के साथ घर जाने को हाईवे से गुजर रहा था। बरेली दिशा को जा रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार कर टक्कर मार दी। बाइक चला रहे आकाश के पैर के ऊपर से ट्रक का टायर गुजर गया। अधिक खून बहने से उसे बचाया नहीं जा सका।