sresham-robbed-of-millions-of-saraf-in-amla-firing
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
आंवला कस्बे में बुधवार शाम सवा सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने सराफ को लूट दिया। वारदात के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। सरेशाम हुई घटना से बाजार में दहशत फैल गई। सराफ ने डेढ़ लाख नकदी, तीन सौ ग्राम सोना और पंद्रह किलो चांदी भरे तीन बैग लूट ले जाने की बात कही है। डीआईजी ने वारदात का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
आंवला कस्बे के मोहल्ला त्रिपोलियागंज निवासी लाला सुभाष चंद्र गुप्ता की पुरैना बाईपास पर सोने चांदी की दुकान है। सुभाष चंद्र बुधवार शाम सवा सात बजे दुकान बंद करके अपने बेटे प्रियम के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक प्रियम चला रहा था। पीछे बैठे सुभाष चंद्र के हाथ में तीन थैले थे, जिनमें डेढ़ लाख की नकदी, तीन सौ ग्राम सोना और पंद्रह किलो चांदी आदि सामान था। बाइक दुकान से जैसे ही डेढ़ मीटर आगे पहुंची, पुरैना ढाल पर पीछे से दो बाइक से आए चार बदमाशों ने लात मारकर सराफ की बाइक गिरा दी। पिता पुत्र गिर गए तो बदमाशों ने सुभाष के हाथ से तीनों थैले लूट लिए। दहशत फैलाते हुए फायरिंग भी की। बदमाशों के भागने के बाद सराफ और उनके बेटे ने शोर मचाया तो बाजार में भीड़ लग गई। सरेशाम हुई लूट और फायरिंग की घटना से दहशत फैल गई। सूचना पर एसपी देहात यमुना प्रसाद भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। देर रात सराफ की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
खुलासे को छह टीमें लगाईं
आंवला के सराफ के साथ हुई लूट के मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। खुलासे को छह टीमें लगाई हैं, उन्हें जल्द ही खुलासा करने के निर्देश दिए।
आशुतोष कुमार, डीआईजी