एसओजी जवान बन पहुंचे ठग सर्राफ को लगा गए चूना
- फोटो : एसओजी जवान बन पहुंचे ठग सर्राफ को लगा गए चूना
खुद को एसओजी जवान बताकर दो ठग रविवार सुबह कस्बे के एक सर्राफ से 125 ग्राम सोने के जेवरात से भरी डिब्बी झटक ले गए। टैक्स के झमेले में फंसने से डर से सर्राफ ने भी थाने में तहरीर नहीं दी है। हालांकि, दिनदहाड़े करीब 3.60 लाख रुपये के जेवरात की ठगी से कस्बे के कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे दो युवक कस्बे के एक सर्राफ की दुकान पर पहुंचे। खुद को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के जवान बताते हुए कहा कि मीरगंज में ही पोस्टिंग मिली है। सर्राफ को बातों में उलझाकर बहन की शादी के लिए सोने के स्टाइलिश सेट देखने लगे। सर्राफ ने सोने के हार, मांग टीका, अंगूठियों, झुमकों आदि के सेटों की कई डिब्बियां निकालकर रख दीं। ठगों ने सर्राफ की निगाह बचाकर एक डिब्बी पार कर दी। बाद में एक-दो दिन बाद बहन को लेकर आने और उसके पसंद का सेट ले जाने की बात कहकर चले गए। ठगों के जाने के बाद सर्राफ ने डिब्बियां चेक कीं तो एक कम निकली। यह देखकर उसके होश उड़ गए। डिब्बी में 125 ग्राम वजन के सोने के कई जेवरात बताए जाते हैं। सर्राफ ने जेवरात की कीमत 3.60 लाख रुपये के आसपास बताई है। हालांकि, सर्राफ ने थाने में तहरीर नहीं दी है। बताया जा रहा है कि तहरीर देने पर जेवरात खरीद के दस्तावेज और टैक्स अदायगी का ब्योरा भी देना पड़ता। इस झंझट से बचने के लिए उसने तहरीर न देना ही मुनासिब समझा। बहरहाल, फर्जी एसओजी जवानों द्वारा दिनदहाड़े 3.60 लाख रुपये के सोने के जेवरात की ठगी की वारदात से कस्बे के व्यापारी सन्न हैं। इंस्पेक्टर दलवीर सिंह ने भी बताया कि सर्राफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। मीरगंज में एसओजी जवानों की तैनाती से भी उन्होंने इंकार किया है।