गोल्डन ग्रीन पार्क में प्रवक्ता की हत्या बेटी ने ही सेल्फ डिफेंस में की थी। सर्विलांस सेल की जांच में यह बात भी साफ हो चुकी है कि लड़की ने माता-पिता में से किसी के भी मोबाइल में तीन महीने में दूसरा सिम डालकर बात नहीं की है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से हत्या के दिन प्रवक्ता के घर में किसी की एंट्री होने की बात भी सामने नहीं आ रही है।
नाबालिग बेटी ने जुर्म कुबूल कर चुकी है। उसका कहना है कि पिता उसके साथ रेप करने की कोशिश कर रहे थे। सेल्फ डिफेंस में उसने घर में पड़ी रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद वह उनकी जान बचाने के लिए कॉलोनी में भटकती रही, लेकिन किसी ने एक नहीं सुनी और उनकी मौत हो गई। शनिवार को प्रवक्ता के भाइयों ने आईजी से मिलकर कहा कि अके ली भतीजी उनके भाई की हत्या नहीं कर सकती है। उनके भाई की हत्या में कोई और शामिल जरूर है। लड़की के पास पर्सनल मोबाइल होने की बात भी सुनने में आ रही है। भाभी के पास भी दो मोबाइल हैं। उसमें लड़की अपना सिम डालकर दोस्तों से बात करती थी, लेकिन ऐसा कोई सुबूत पुलिस को नहीं मिल पाया।
पुलिस को मौके से जो फुट प्रिंट मिले थे, वह भी प्राथमिक जांच में लड़की के ही लग रहे हैं। जिस रॉड से हत्या हुई उस पर मिले फिंगर प्रिंट जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजे जा रहे हैं। उनकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ हो जाएगी। प्रवक्ता के घर के सामने सीसीटीवी कैमरा लगा है। उसकी दो दिन की फुटेज चेक करने से पता लगा कि घटना के एक दिन पहले भी किसी ने प्रवक्ता के घर में प्रवेश नहीं किया है। इसलिए लड़की की घर में अकेली थी।
सबसे नजदीकी दोस्त को ढूंढ रही पुलिस
पुलिस प्रवक्ता की हत्या करने के आरोपी बेटी के सोशल अकाउंट तलाश रही है। फेसबुक, ट्यूटर, व्हाट्सएप सभी पर लड़की को तलाशकर हत्या के क्लू तलाशे जा रहे हैं। यह भी देखा जा रहा है कि लड़की के फ्रैंड सर्किल में कौन-कौन लोग शामिल हैं। कितने लोग लड़की के नजदीक हैं। सबसे नजदीक कौन है।
-प्रवक्ता की हत्या के मामले में अब तक की विवेचना में ऐसा कोई सुबूत नहीं मिला है कि कोई दूसरा व्यक्ति घटना में शामिल है। । विवेचना अभी खत्म नहीं हुई है, कोई और तथ्य सामने आता है तो उसे जांच में शामिल करके आगे की कार्रवाई होगी-समीर सौरभ, एसपी सिटी