परतापुर चौधरी में एक परचून दुकानदार से ओएलएक्स पर सेना के जवान की आईडी से जालसाजों ने 11 हजार रुपये की ठगी कर ली। दुकानदार ने इज्जतनगर थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। परतापुर चौधरी के मोहम्मद इरफान ने 17 मार्च को ओएलएक्स पर अपने बेटे के लिए पुराना मोबाइल देखकर संपर्क किया। यह आईडी आलोक जैतावत इंडियन आर्मी के जवान की थी और पता बरेली कैंट लिखा हुआ था। जब फोन पर बात हुई तो लोकेशन ट्रू कॉलर पर राजस्थान की आई। उसने बताया कि ट्रांसफर फैजाबाद हो गया है। इरफान ने जब जानकारी मांगी तो उसने आधार कार्ड, कैंटीन का कार्ड, मोबाइल के फोटो, मोबाइल का डिब्बा और बिल भेजा। उसने कहा कि हम देश की सेवा करते हैं, गलत काम नहीं करते। मैं मोबाइल कोरियर कर दूंगा तुम आधी कीमत पहले भेजो। जब खाता संख्या मांगी गई तो उसने कहा कि सैलरी खाता वह किसी को नहीं दे सकता, पेटीएम पर पांच हजार रुपया मंगवाया। जिसके बाद उनके पास कोरियर वाले का फोन आया कि आपका पार्सल आ गया है, जिसके बाद उसने बाकी के छह हजार मांगे। पीड़ित के मुताबिक रुपया भेजते ही व्हाट्सऐप नंबर ब्लॉक हो गया।