Recovery of Police on Bareilly Road
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
गाजियाबाद और मेरठ में अवैध वसूली करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ तो बड़ी कार्रवाई हो गई, लेकिन बरेली पुलिस भी तो सड़कों पर खुलेआम वसूली करती है। बहेड़ी का उत्तराखंड बार्डर पुलिस की कमाई का सबसे बड़ा जरिया है। इस थाने का हल्का नंबर तीन, सिरसा और नारायण नगला पुलिस चौकियों पर अभी भी सपा नेताओं और अफसरों के चहेते पुलिस कर्मियों की तैनाती है। वसूली का सिलसिला जारी है, लेकिन अभी तक किसी के खिलाफ अभी तक कार्रवाई नहीं हुई।
बहेड़ी थाने में कुल 79 सिपाही हैं। इनमें से नौ महिला सिपाही हैं। 55 सिपाही एक खास बिरादरी हैं। खास बिरादरी के सिपाहियों में से ज्यादातर ऐसे सिपाही हैं, जिनका इटावा कनेक्शन है। इसलिए उनसे काम लेना किसी भी प्रभारी निरीक्षक के लिए मुश्किल है। बहेड़ी थाने में उत्तराखंड बार्डर की चौकी पुलिस की कमाई का सबसे बड़ा जरिया है। यह हल्का नंबर तीन में आती है। इस हल्के का प्रभारी थाने के एसएसआई विजय पाल सिंह हैं। हल्के में पांचों सिपाही खास बिरादरी के हैं। यही हाल सिरसा और नारायण नगला चौकी है। सपा सरकार में एक दौर तो ऐसा आया कि कप्तान के बंगले पर तैनात सिपाहियों की आमद भी सिरसा चौकी पर रहती थी। बिना जाए ही वहां से उन सिपाहियों का हिस्सा बंगले पर पहुंच जाता था। सरकार बदलने के बाद अभी तक पुरानी ही व्यवस्था बनी हुई है। किसी अधिकारी ने कमाई वाले इन इलाकों से किसी पुलिस कर्मी को अभी तक नहीं हटाया है। 24 घंटे उत्तराखंड बार्डर की चौकी पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी रहती है। निजाम बदलने के बाद हल्का नंबर तीन, सिरसा चौकी और नारायण नगला चौकी पर तैनाती के लिए कुछ सिपाही नेताओं के यहां चक्कर लगाने लगे हैं।
हाइवे की चौकियां भी वसूली के अड्डे
-हाइवे की पुलिस चौकियां भी पुलिस की वसूली के अड्डे हैं। सुरक्षा के बहाने सड़क पर झोपड़ीनुमा चौकी बनाकर दिन-रात ट्रकों से वसूली होती है। बरेली रेंज की सीमा में प्रवेश करते ही थाना रोजा(शाहजहांपुर) की गुर्री चौकी से ही वसूली का सिलसिला शुरू हो जाता है। बरेली मोड़, तिलहर, मीरानपुर कटरा में भी वसूली के लिए सिपाहियों ने प्राइवेट लोग रख लिए हैं। बरेली जिले में प्रवेश करने पर फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर के बाद रजऊ पुलिस चौकी पर वसूली की शिकायतें मिलती हैं। बड़ा बाईपास पर अहलादपुर पुलिस चौकी पर भी किसी समय वसूली करते सिपाही कई बार पकड़े गए हैं। सीबीगंज थाने ने पिछले दिनों जीरो प्वाइंट पर पुलिस बूथ बनाकर वसूली का अड्डा बना लिया था। बाद में इसकी शिकायतें होने पर अफसरों ने किसी तरह पुलिस कर्मियों को सख्त कर दिया। फतेहगंज पश्चिमी थाने की चौकी कस्बे में हैं, लेकिन कमाई के लिए पुलिस कर्मियों ने सड़क पर झोपड़ी डाल ली है। लभारी और मीरगंज पुलिस चौकी पर भी वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।