सिरौली/भमोरा। रामनगर इलाके की चुनावी जंग की तपिश भमोरा क्षेत्र तक जा पहुंची। सिरौली थाने गुरवा गांव के प्रधान ने भमोरा थाने में रामनगर की ब्लाक प्रमुख के पति और उनके दो साथियों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे आरोप लगाकर तहरीर दी। एनसीआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रधान रामौतार मौर्य ने भमोरा पुलिस को बताया कि बुधवार को वह ग्राम विकास अधिकारी अजय कुमार के साथ कार से बरेली जा रहे थे। रास्ते में भमोरा क्षेत्र के सेंधा के पास रामनगर की ब्लाक प्रमुख अनुराधा यादव के पति जगपाल सिंह यादव ने अपनी बोलेरो उनकी गाड़ी के आगे लगाकर उन्हें रोक लिया। वीडीओ से बोले इस प्रधान को कार से बाहर निकालो। फिर खुद ही कार का गेट खींचकर उन्हें जबरन बाहर खींच लिया। उन पर अपनी लाइसेंसी राइफल तान दी और जमकर पीटा। फिर जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। मारपीट के वक्त उनके साथ ग्राम नामदारगंज के सर्वेश कुमार और सुरेश चंद भी थे। प्रधान ने बताया कि यह लोग उनसे चुनावी रंजिश मानते हैं। एसओ भमोरा कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि एनसीआर में आरोप साबित हुए तो मुकदमा लिखा जाएगा। इस बाबत ब्लाक प्रमुख पति चौधरी जगपाल सिंह यादव का कहना था कि उन्होंने कभी राइफल नहीं उठाई। रामौतार हमेशा उन्हें बदनाम करता था, इसलिए मुलाकात के बाद उसे समझाया जरूर था।