वाणिज्य कर विभाग ने श्यामगंज बाजार स्थित एक किराना दुकान पर छापामार कार्रवाई कर टैक्स हेराफेरी पकड़ी है। छापा टीम के पहुंचने पर कारोबारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारी नेता ने टीम से अभद्रता कर कागजात फाड़ दिए, इस पर विभाग ने थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बृहस्पतिवार दोपहर नगर मजिस्ट्रेट यूपी सिंह, सीओ नीति द्विवेदी आदि के साथ वाणिज्य कर अफसर फोर्स लेकर तरुण किराना कंपनी पहुंचे। बताया जाता है कि दुकानदार नानकचंद के खिलाफ शिकायतें पहुंची थीं कि बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी हो रही है। इसके तहत ही विभाग ने कार्रवाई की और बड़े पैमाने पर कर चोरी का मामला पकड़ में आया। फोर्स के साथ पहुंची टीम को देखकर आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने अपने नेताओं को बुला लिया। छापा टीम ने जो अभिलेख पकड़े थे, उनकी औपचारिकताएं पूरी होने के दौरान ही व्यापारी ने बीमारी का बहाना बना दिया और हस्ताक्षर नहीं किए। आरोप है कि मौके पर पहुंचे संजीव चांदना ने प्रपत्र फाड़ दिए। इससे गहमागहमी का माहौल बन गया। बड़ी तादात में फोर्स होने की वजह से व्यापारी बैकफुट पर आ गए।
एडीशनल कमिश्नर एसपी सिंह के निर्देशन में हुई कार्रवाई की टीम ने वीडियोग्राफी कर सारे सबूत और अवैध कारोबार संबंधी अभिलेख कब्जे में ले लिए। सिंह ने बताया अभिलेखों को देखते हुए लगता है कि करोड़ों रुपये का कारोबार करने वाले व्यापारी ने बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की है। इसकी जांच होगी। टीम के साथ के अभद्रता करने और कागजात फाड़ने वाले व्यापारी के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बता दें कि अरसे बाद इस बाजार में प्रवर्तन द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है।