एक महिला ने शाही थाने के सिपाही पर पैसा वापस कर कार्रवाई न कराने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत एसपी देहात को पत्र भेजकर की गई है।
इज्जतनगर इलाके के रायपुर की कनीजा का कहना है कि उसका विवाह आठ साल पहले शाही के गांव चकदह निवासी सईद से हुआ था। आरोप है कि मकान बनाने के नाम पर मायके से रुपये लाने की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित किया गया। 19 मार्च को आग लगाकर मारने की धमकी दी गई। विरोध करने पर मारपीट की। कनीजा ने बताया कि इस बात की जानकारी पर उसका भाई आरिफ उसे अपने घर ले आया। कनीजा का कहना है कि इस मामले की शिकायत उसने शाही थाने में की। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। आरोप है कि यहां एक सत्ताधारी प्रधान के दबाव में कार्रवाई नहीं की गई। यही पर मौजूद एक दलाल ने उससे पांच हजार रुपये ऐंठ लिए। इसकी शिकायत उसने फोन पर एसओ से की। यह सुनकर एक सिपाही ने फोन कर कहा कि पांच हजार रुपये वापस ले जाओ सत्ताधारी प्रधान कार्रवाई नहीं करने दे रहा है। कनीजा का आरोप है कि सत्ता पक्ष के दबाव में ही कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इसकी शिकायत उसने एसपी देहात को पत्र भेजकर की है।