लखनऊ से मुरादाबाद की ओर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी का 21वां वैगन नगरिया सादात स्टेशन से तीन किलोमीटर पहले पटरी से उतर गया। मालगाड़ी में 50 से अधिक वैगन थे। सूत्रों का कहना है कि वैगन का व्हील टूटने के कारण हादसा हुआ है। मुरादाबाद डिवीजन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। मुरादाबाद डिवीजन में पांच दिन में यह चौथा डिरेलमेंट है। हादसा गुरुवार दोपहर तीन बजे धनेटा-नगरिया सादात स्टेशन के बीच गांव संजरपुर के पास हुआ। वैगन आधा किलोमीटर तक रगड़ता चला गया। सूचना मिलते ही मंडलीय अधिकारी रिलीफ ट्रेन लेकर मौके पर पहुंच गए। पहिए और रेलवे लाइन की रगड़ से उठी चिंगारी से ट्रैक किनारे गेहूं की फसल में आग गई। इस पर फायर ब्रिगेड ने काबू पाया। ट्रैक बाधित होने से मुरादाबाद की ओर जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस, गुवाहाटी एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस, जनसेवा और डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस को बरेली कैंट स्टेशन से डायवर्ट कर दिया गया।