Now conspiracy to spoil the atmosphere by throwing prescriptions in the mosque
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
शरारती तत्वों ने सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की फिर कोशिश की। शीशगढ़ में अल्पसंख्यकों को गांव छोड़ने की धमकी भरे पर्चे घरों के दरवाजों पर चस्पा मिलने का मामला लोग भूले भी नहीं थे कि करगैना की नई मस्जिद और पुरानी मस्जिद में गुरुवार देर रात शरारती तत्वों ने पर्चे फेंककर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।
कंप्यूटर पर तैयार किये गये पर्चों पर लिखा गया था कि मस्जिद से लाउड स्पीकर उतारो, नमाज बंद करो। सरकार हमारी है। शुक्रवार सुबह पर्चे देखने के बाद लोगों ने करगैना चौकी इंचार्ज प्रवीण को सूचना दी। सीओ द्वितीय स्नेहलता और सुभाषनगर के थाना प्रभारी अतुल प्रधान ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोगों ने जुमे की नमाज पढ़ने से मना कर दिया बाद में पुलिस के समझाने पर लोग शांत हुए।
सीओ द्वितीय ने बताया कि यह शरारती तत्वों की कारस्तानी लगती है। लिखावट का मिलान न हो सके, इसलिए कंप्यूटर की मदद से पर्चे तैयार किये गए। उन्हें जांच के लिये भेजा गया है। दोनों मस्जिदों पर एहतियातन पुलिसबल तैनात किया गया है। सुभाषनगर थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
जिया नगला में गांव छोड़ने की मिली थी धमकी
शीशगढ़ के जिया नगला गांव में बीती 12 मार्च को शरारती तत्वों ने एक समुदाय विशेष के घरों पर पर्चा चस्पा किया गया था, जिसमें 31 दिसंबर से पहले गांव छोड़ने की धमकी दी गई थी। पत्र के नीचे पूर्वांचल का एक सांसद लिखा गया था। 13 मार्च को सुबह मामला खुलने के बाद पुलिस गांव पहुंची। पर्चों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। गांव के लोगों की समझदारी से सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने से बच गया था। शीशगढ़ थाना में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर लिखी गई थी।