आईजी के निर्देश पर एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने आला हजरत खानदान की बहू निदा खान के आरोपों की जांच एसपी सिटी को सौंप दी है। एसपी सिटी हर पहलू पर जांच करने के लिए दोनों पक्षों को बुलाकर बात करेंगे। सोमवार को शाहदाना की रहने वाली निदा खान ने आईजी से मुलाकात करके उन्हें तहरीर देकर सौदागरान निवासी पति शीरान रजा और ससुराल वालों पर तमाम आरोप लगाए हैं। एसएसपी ने बताया कि निदा ने एफआर के खिलाफ जो पोटेस्ट डाला है, उस पर कोर्ट के आदेश आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल एसपी सिटी को उन्होंने पुरानी एफआईआर और नई तहरीर के आरोपों की जांच करके निष्पक्ष कार्रवाई कराने को कहा है। एसपी सिटी समीर सौरभ ने बताया कि निदा मामले में एक-दो दिन में वह दोनों पक्षों को बुलाकर बात करेंगे। दोनों पक्षों को सुनने के बाद आला अफसरों को सच्चाई से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई होगी।