पोल्ट्री फार्म में बंधक बने एग्रो सनसाइन कंपनी के कर्मचारी बुधवार को थाने में एफआईआर कराने के लिए अड़े रहे। वहीं सीबीगंज थाने की पुलिस समझौता कराने का दबाव बनाती रही है। अब कर्मचारी गुरुवार को एसएसपी जोगेंद्र कुमार से शिकायत सौंपेंगे।
लखीमपुर खीरी के सनसाइन एग्रोवेट कंपनी के मैनेजर अनूप सिंह की कंपनी पोल्ट्री फ ार्म संचालकों को एग्रीमेंट के आधार पर चूजे पालने के लिए देती है। चूजे तैयार होने पर कंपनी उन्हें लेती है और बदले में प्रति किलो के हिसाब से कमीशन दिया जाता है। कंपनी ने सीबीगंज के गांव घुंसा निवासी पोल्ट्री फ ार्म संचालक रफ ीक से एग्रीमेंट के बाद 15478 और 5502 चूजे तैयार करने को दिए थे। 38 दिन बाद माल तैयार हो जाने पर बीते सोमवार को कंपनी के सुपरवाइजर सौरभ कुमार, लाइन सुपरवाइजर उमेश मौर्य, देवेंद्र पाल और मैनेजर सौरभ कुमार माल लेने गये थे। रात में सब वहीं ठहर गये। आरोप है कि सुबह में पांच बजे पोल्ट्री फ ार्म संचालक पहुंचे और तैयार माल को अपनी प्राइवेट गाड़ियों में भरवाने लगे। जिसके विरोध पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया गया। गाड़ियों के जाने के बाद उन्हें छोड़ा गया।