फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माधोबाड़ी में किराना व्यापारी के घर दिनदहाड़े लूट

Sun, 04 Dec 2016 01:36 AM IST
बरेली, ब्यूरो
विज्ञापन
loot
विज्ञापन
माधोबाड़ी में लुटेरे दिनदहाड़े किराना व्यापारी के घर में घुस गए। उनके बहू और बेटे को गन प्वाइंट पर लेकर जेवर उतरवा लिए। विरोध पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर डीआईजी आशुतोष कुमार समेत पुलिस के कई अफसर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मुकदमा लिखकर सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन

    थाना बारादरी इलाके में ईंट पजाया चौराहे से त्रिमूर्ति नर्सिंग होम की तरफ जाने वाले रास्ते पर रेलवे क्रॉसिंग के पास सुबोध अग्रवाल (55) का घर है। वह पत्नी सविता अग्रवाल के साथ रहते हैं। उनका बड़ा बेटा सचेत अग्रवाल दिल्ली में नौकरी करता है। छोटे बेटे अंकुर अग्रवाल रायगढ़ (मध्यप्रदेश) में निजी कंपनी में अफ सर हैं। अंकुर की पत्नी मीनाक्षी भी दिल्ली में नौकरी करती हैं, लेकिन इन दिनों वह अपने मायके लखनऊ गई हुई थीं। बृहस्पतिवार को सुबोध अग्रवाल स्कूटर से किसी काम से निकले थे। इस दौरान मेगा सिटी के सामने उनका एक्सीडेंट हो गया था। हादसे में जख्मी होने पर सविता ने उन्हें गंगाशील अस्पताल में भर्ती कराकर बेटों और बहू को फोन कर दिया था। ससुर के सड़क हादसे में जख्मी होने की खबर मिलने पर मीनाक्षी शुक्रवार दोपहर लखनऊ से आ गई थीं। सचेत दिल्ली से देर रात घर पहुंचे थे। सुबोध और उनकी पत्नी दुकान के पीछे ही नीचे के हिस्से में रहते हैं। बेटे और बहू के कमरे दूसरी मंजिल पर हैं। पति की देखरेख के लिए सविता अस्पताल में थीं। शनिवार सुबह करीब सात बजे सचेत नीचे कमरे में बैठे अखबार पढ़ रहे थे। इसी बीच दूधिया ने आकर घंटी बजा दी। मीनाक्षी दूध लेने के बाद जैसे ही घर में घुसीं, अंदर से ही अचानक एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा रखकर कानों से सोने के कुंडल, कंगन और अंगूठी उतरवा ली। इसी बीच तीन बदमाश और आ गए। सभी असलहे लिए थे। लुटेरे शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए मीनाक्षी को कमरे में ले गए। वहां मौजूद सचेत बदमाशों को देखकर घबरा गए। लुटेरों ने उनके गले से भी सोने की चेन तोड़ ली। इसके बाद बदमाशों ने अलमारियां खंगालीं। इस दौरान कुछ नकदी भी उनके हाथ लगी। बदमाश बीस चांदी के सिक्के भी लूट ले गए। पीड़ित परिवार ने बदमाशों के जाने के बाद यूपी100 को सूचना दी। दिनदाहड़े लूटपाट की खबर मिलते ही पुलिस के आला अफसरों में हड़कंप मच गया। डीआईजी, एसएसपी जोगेंद्र कुमार, एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। प्रेमनगर और बारादरी पुलिस को एसएसपी ने घटना का खुलासा करने के लिए लगा दिया है। क्राइम ब्रांच की टीम भी लुटेरों का पता लगाने में जुटी है। डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंचा। पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर लिया है।       
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें